शराब की दुकान के चोरी का खुलासा, पीपीगंज पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, नकदी व अंग्रेजी शराब बरामद

गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र में पचगांवा स्थित शराब की दुकान में चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की अंग्रेजी शराब और ₹15,552 नकद बरामद किए गए।

उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पीपीगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र के पचगांवा चौराहे पर स्थित एक कम्पोजिट शराब की दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह बोतल अंग्रेजी शराब तथा 15,552 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

Oplus_131072

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के निकट पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पीपीगंज एवं पुलिस टीम द्वारा की गई। इस संबंध में थाना पीपीगंज पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 0254/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए), 331(4) तथा बढ़ी हुई धारा 317(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Oplus_131072

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हवन पटेल (19 वर्ष) पुत्र तुफानी पटेल तथा मनीष पासवान (21 वर्ष) पुत्र विनोद पासवान, दोनों निवासी ग्राम पचगांवा, थाना पीपीगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। दोनों को शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को सुबह 7:45 बजे ग्राम पचगांवा गोड़वारी पुलिया से पहले हरपुर रोड किनारे स्थित एक बाग से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 750-750 मिलीलीटर की छह अंग्रेजी शराब की बोतलें तथा 15,552 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई उपनिरीक्षक विपिन बिहारी द्वारा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पचगांवा चौराहे पर स्थित कम्पोजिट शराब की दुकान के संचालक प्रिंस शर्मा, पुत्र प्रमोद कुमार शर्मा, निवासी वार्ड नंबर-9 भारद्वाज नगर, थाना पीपीगंज ने घटना की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 जुलाई की रात दुकान बंद करने के बाद उनके मुनीम चन्द्रशेखर रोज की तरह घर चले गए थे।

अगली सुबह करीब 4:30 बजे जब मुनीम दुकान की सफाई करने पहुंचे तो दुकान के भीतर से नौ बोतल अंग्रेजी शराब, बिक्री की लगभग 54 हजार रुपये की नकदी तथा एक मोबाइल फोन चोरी होने की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर दुकान संचालक मौके पर पहुंचे और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली।

सीसीटीवी फुटेज में दो युवक दुकान के अंदर घुसकर शराब की बोतलें, नकदी और अन्य सामान ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान हवन पटेल और मनीष पासवान के रूप में हुई, जिसके बाद पीपीगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी।

लगातार की गई छापेमारी और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान बरामदगी भी हुई, जिससे घटना का खुलासा हो गया। पुलिस का कहना है कि चोरी गई शेष संपत्ति की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक विपिन बिहारी, उपनिरीक्षक बादल प्रसाद, कांस्टेबल दीपक यादव, आरक्षी जयन्त यादव, अनिल कुमार तथा यशमोहन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!