जंगल कौड़िया में फिर वायरल हुआ LPG गैस रिफिलिंग का वीडियो, अवैध सिलेंडर ट्रांसफर का दावा; कार्रवाई को लेकर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जिले के जंगल कौड़िया क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित अवैध रिफिलिंग का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंगलवार शाम सामने आए करीब 1 मिनट 5 सेकंड के इस वीडियो ने एक बार फिर क्षेत्र में गैस सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।

वायरल वीडियो में सबसे पहले “मनीराम इंडेन सर्विस” लिखे एक वाहन को दिखाया गया है। वाहन पर गैस सिलेंडरों के साथ मूल्य सूची और मोबाइल नंबर भी अंकित दिखाई देता है। इसके बाद कैमरा गोदाम परिसर की ओर बढ़ता है, जहां बाहर कई गैस सिलेंडर रखे हुए नजर आते हैं। परिसर में अग्निशमन यंत्र भी दिखाई देता है।

वीडियो के अगले हिस्से में गोदाम के अंदर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे दिखाई देते हैं। इसी दौरान काले रंग की टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति दो सिलेंडरों को पाइप के माध्यम से जोड़कर एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस स्थानांतरित करता नजर आता है। वीडियो में गैस निकलने की तेज आवाज भी स्पष्ट सुनाई देती है। हालांकि, समर एक्सप्रेस इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

वीडियो वायरल होने के बाद फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसे लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है। बड़ी संख्या में लोग इस कथित गैस रिफिलिंग को बेहद खतरनाक बताते हुए संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सवाल उठाया कि यदि पहले भी इसी तरह के वीडियो सामने आ चुके हैं तो आखिर अब तक स्थायी और प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। लोगों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि किसी बड़े हादसे को भी न्योता दे सकती है।

गौरतलब है कि 19 जून को भी इसी गैस एजेंसी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस वीडियो में लाल रंग का कपड़ा पहने एक व्यक्ति गैस सिलेंडरों की कथित रिफिलिंग करता दिखाई दिया था। मामले ने तूल पकड़ने के बाद 20 जून को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के अधिकारियों ने जंगल कौड़िया क्षेत्र के मेहदरिया गांव स्थित गैस गोदाम पहुंचकर जांच-पड़ताल की थी।

हालांकि, उस जांच के बाद क्या कार्रवाई की गई और उसकी रिपोर्ट क्या रही, इसकी आधिकारिक जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं हो सकी है। ऐसे में नया वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

इस संबंध में जब जिला पूर्ति अधिकारी गोरखपुर से बात करने की कोशिश की गई तो उनका फोन नहीं उठा। जिससे कि अधिकारी के पक्ष नहीं मिल पाया है।

वही क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि लगातार ऐसे वीडियो सामने आने से आम नागरिकों में भय का माहौल है। उनका कहना है कि यदि वास्तव में गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग हो रही है तो यह गंभीर सुरक्षा खतरा है। उन्होंने संबंधित प्रशासन, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग और प्रशासन क्या कदम उठाते हैं तथा जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!