उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। आरोप है कि एक युवती ने अपनी मां, बहन और भाई को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाया और उनके बेहोश होने के बाद प्रेमी के साथ फरार हो गई।
सुबह घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने आवाज लगाई। काफी देर बाद बेटा नशे की हालत में बाहर निकला और गिर पड़ा। ग्रामीणों ने घर के अंदर जाकर देखा तो मां और बहन भी बेहोश मिलीं। सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने डायल 112 और एंबुलेंस की मदद से तीनों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा। उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। इससे पहले 21 मई 2026 को भी वह प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। उस मामले में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में युवती परिजनों के समझाने पर घर लौट आई थी।
घटना के समय युवती के पिता चेन्नई में थे। पुलिस युवती की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।
