पीपीगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, झाड़-फूंक के बहाने आभूषण हड़पने के आरोपी को किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र में आपराधिक विश्वासघात के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झाड़-फूंक के बहाने महिला के आभूषण हड़पने के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पीपीगंज के नेतृत्व में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना पीपीगंज पर दर्ज मु0अ0सं0 274/26 धारा 316(2), 351(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) से संबंधित अभियुक्त विजय गौड़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान विजय गौड़ पुत्र रामसेवक गौड़, निवासी गंगी बाजार भवानीपुर, थाना पनियरा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता का पुत्र काफी समय से बीमार था। लगभग एक माह पूर्व आरोपी ने महिला को विश्वास में लेते हुए दावा किया कि वह झाड़-फूंक के माध्यम से उसके पुत्र की बीमारी दूर कर सकता है। इसी बहाने आरोपी ने महिला से पूजा-पाठ और झाड़-फूंक के दौरान उसके आभूषण अपने पास ले लिए।

जब महिला ने बाद में अपने आभूषण वापस मांगे तो आरोपी ने उन्हें लौटाने से इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने पर पीड़िता ने थाना पीपीगंज में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

वही इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध आपराधिक विश्वासघात से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या चमत्कार के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार विश्वास में लेकर धन, आभूषण या अन्य संपत्ति मांगता है तो इसकी तत्काल सूचना नजदीकी पुलिस थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!