एवीबीपी ने 175 मीटर तिरंगा यात्रा निकालकर कारगिल शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश/ कारगिल विजय दिवस के 27 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गोरखपुर जनपद के नगर पंचायत पीपीगंज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) नगर इकाई द्वारा 175 मीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना से ओत-प्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं और परिषद कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं को राष्ट्रसेवा, एकता और देशभक्ति का संदेश दिया गया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सुभाष चंद्र बोस हायर सेकेंडरी स्कूल, पीपीगंज से हुआ। हाथों में विशाल तिरंगा लिए छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकले। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके राष्ट्र निर्माण के विचारों को याद किया। इसके बाद यात्रा आगे बढ़ते हुए बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ संपन्न हुई।

यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने “शहीदों के सम्मान में”, “छात्र शक्ति, राष्ट्र शक्ति” तथा “ज्ञान, शील, एकता” जैसे राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नारे लगाए। इन नारों से पूरे नगर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और स्थानीय लोगों ने भी तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

कार्यक्रम में एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री अभिषेक, विभाग संयोजक राहुल, जिला संयोजक शिवम, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य राम आशीष निषाद, प्रांत कार्यसमिति सदस्य मुर्तुजा, रमन, सौम्या सिंह श्रीनेत, श्वेता, अंकुर पांडेय, गौतम कुमार गुप्ता, सत्यम, आकाश सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं परिषद के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कारगिल के वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक दिवस नहीं, बल्कि देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा समाज और देश की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

पीपीगंज में आयोजित यह 175 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति, एकता और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बनी। कार्यक्रम ने युवाओं में देशप्रेम की भावना को और मजबूत करने के साथ कारगिल के अमर शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!