रंगदारी मामले में जेल में बंद व्यापार मंडल अध्यक्ष सचिन वर्मा पर एक और केस दर्ज, महिला ने धमकी और मानसिक उत्पीड़न का लगाया आरोप

उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जिले के पीपीगंज क्षेत्र में रंगदारी मांगने के आरोप में पहले से जेल में बंद पीपीगंज नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष सचिन वर्मा की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब उनके खिलाफ एक महिला की तहरीर पर धमकी देने, मानसिक उत्पीड़न करने तथा सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने के आरोप में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की बात कही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के राखुखोर गांव निवासी सुलोचना शर्मा की शिकायत पर थाना पीपीगंज में मुकदमा अपराध संख्या 290/2026 दर्ज किया गया है। यह एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) के तहत दर्ज की गई है।

महिला ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि रंगदारी प्रकरण में पहले से दर्ज मुकदमे को वापस लेने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और उनकी सामाजिक छवि खराब करने की कोशिश की गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक उत्पीड़न के चलते उन्हें अपने परिवार के साथ गांव छोड़कर दूसरे स्थान पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।

महिला का आरोप है कि आरोपी की ओर से उनके चरित्र पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए गए, जिससे समाज में उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हुई। इसके अलावा उनके बारे में यह भी प्रचारित किया गया कि उन्होंने 5 हजार रुपये, 5 लाख रुपये तथा 17 लाख रुपये लेकर समझौता कर लिया है। हालांकि महिला ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा है कि उन्होंने किसी भी प्रकार की धनराशि नहीं ली है और न ही किसी प्रकार का समझौता किया है।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनकी सहमति के बिना एक कथित समझौता पत्र तैयार कर दिया गया, जिससे समाज में उनकी छवि को नुकसान पहुंचा। महिला का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के कारण उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा और परिवार भी असुरक्षा की भावना में जी रहा है।

इस संबंध में पीपीगंज थाना प्रभारी कमलेश प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी सचिन वर्मा की रंगदारी के मामले जेल भेजा गया है। आगे उन्होंने बताया कि जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, दस्तावेजों और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी व्यापार मंडल के अध्यक्ष सचिन वर्मा रंगदारी मांगने के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल भेजे गए हैं। अब नए मुकदमे के दर्ज होने के बाद उनकी कानूनी चुनौतियां और बढ़ गई हैं। मामले पर स्थानीय व्यापारिक और सामाजिक संगठनों की भी नजर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि कानून के अनुसार निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!