गोरखपुर/ तहसील सहजनवा क्षेत्र के ग्राम अलगटपुर में सरकारी राजस्व भूमि पर कथित अवैध कब्जे और अनाधिकृत निर्माण का मामला सामने आने के बाद गोरक्षनाथ सनातन संघ (GSS) ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने नगर पंचायत घघसरा के अध्यक्ष प्रभाकर दुबे और सहजनवा के उपजिलाधिकारी (SDM) नमन मेहता को ज्ञापन सौंपकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।
संघ की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम अलगटपुर स्थित खाता संख्या 00096 और गाटा संख्या 23 की करीब 0.0690 हेक्टेयर (लगभग 17 डिसमिल) भूमि राजस्व अभिलेखों में ‘नई परती’ के रूप में दर्ज है। आरोप है कि कुछ निजी व्यक्तियों ने बिना वैध अधिकार, आवंटन या अनुमति के उक्त सरकारी भूमि पर बाउंड्रीवॉल और दीवार का निर्माण कर कब्जा कर लिया है।
गोरक्षनाथ सनातन संघ ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम गठित कर मौके की पैमाइश और भूमि का सीमांकन कराया जाए। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 के प्रावधानों के तहत यदि कब्जा अवैध पाया जाता है तो निर्माण हटाकर सरकारी भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
संघ ने यह भी मांग रखी कि अतिक्रमण हटाने में आने वाले खर्च की वसूली संबंधित कब्जाधारकों से की जाए। जांच और विधिक कार्रवाई पूरी होने तक विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार के नए निर्माण अथवा हस्तांतरण पर रोक लगाने की मांग भी की गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यदि संबंधित व्यक्ति सरकारी भूमि पर कब्जे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं तो नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्तियों पर अतिक्रमण रोकने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी सुधाकर त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष हरीनाथ राज सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक रंजन सिंह, अरविंद शाही, जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर मिश्रा, विकास सिंह, दिग्विजय यादव, विशाल पांडेय, सुंदरम त्रिपाठी, राघवेंद्र मिश्रा और व्यापार प्रकोष्ठ के मनमोहन समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। विनोद कुमार त्रिपाठी ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
सहजनवा तहसील के ग्राम अलगटपुर में सरकारी राजस्व भूमि पर कथित अवैध कब्जे और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ गोरक्षनाथ सनातन संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी ने नगर पंचायत घघसरा अध्यक्ष प्रभाकर दुबे और SDM सहजनवा नमन मेहता को ज्ञापन सौंपकर सरकारी जमीन की पैमाइश, सीमांकन और अतिक्रमण हटाने की मांग की। संघ ने अवैध निर्माण ध्वस्त कराने, कब्जा हटाने का खर्च संबंधित लोगों से वसूलने तथा जांच पूरी होने तक नए निर्माण और हस्तांतरण पर रोक लगाने की मांग की है। मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
