उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र के भटहट कस्बे में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दलाल चौराहे के पास मिट्टी में दबा एक मजदूर का शव मिलने से गुरुवार सुबह सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला रहस्यमय प्रतीत हुआ, लेकिन पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुई लापरवाही के कारण मजदूर की मिट्टी में दबकर मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे दलाल चौराहे से गुजर रहे लोगों की नजर मिट्टी के ढेर से बाहर निकले एक हाथ पर पड़ी। यह दृश्य देखकर लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मिट्टी हटाने का कार्य शुरू कराया।
मिट्टी हटाने पर एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक के पास से एक झोला मिला, जिसमें रोटी, सब्जी, शराब का पैकेट, हरी मिर्च, चिलम, मोबाइल चार्जर और एक शॉल बरामद हुई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
कुछ देर बाद दो बच्चों के साथ पहुंची महिला ने शव की पहचान अपने पति मिंटू पुत्र जनार्दन निवासी जनपद देवरिया के रूप में की। पत्नी नीता देवी ने बताया कि मिंटू पिछले करीब पांच वर्षों से तरकुलहां क्षेत्र में रहकर मजदूरी करते थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह पिछले दस दिनों से जंगल कौड़िया क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में गिट्टी फैलाने का काम कर रहे थे। मृतक अपने पीछे पत्नी, आठ वर्षीय पुत्र और चार वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि 3/4 जून 2026 की रात मिंटू दिनभर मजदूरी करने के बाद निर्माणाधीन डिवाइडर पर ही सो गए थे। इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य में लगी मिट्टी ढोने वाली गाड़ी के चालक ने बिना पर्याप्त सावधानी बरते डिवाइडर पर मिट्टी डालनी शुरू कर दी। लापरवाही के चलते सो रहे मजदूर के ऊपर भी मिट्टी गिर गई, जिससे वह पूरी तरह दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी अगले दिन लोगों को तब हुई जब मिट्टी के ढेर से एक हाथ बाहर दिखाई दिया। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना गुलरिहा में मुकदमा अपराध संख्या 446/2026 के तहत धारा 281 एवं 106(1) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने वाहन संख्या UP32RN4276 के चालक रंजू राजभर पुत्र हीरा राजभर निवासी ग्राम एकौना, पोस्ट मीरपुर रहीमाबाद, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार चालक की लापरवाही और उतावलेपन के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।
प्रभारी निरीक्षक जगदीश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
