विश्व रक्तदान दिवस पर पीपीगंज में रक्तदान शिविर आयोजित, 22 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

गोरखपुर/ विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रक्तवीर युवा क्लब गोरखपुर एवं इंडियन बैंक पीपीगंज के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पीपीगंज स्थित एम.एल. पैलेस में संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 22 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

रक्तवीर युवा क्लब गोरखपुर ने अपने 5 वर्षों में 32वें रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया। यह केवल एक संख्या नहीं बल्कि हजारों जरूरतमंद मरीजों के जीवन में आशा की किरण लेकर आई है।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना था। शिविर के दौरान रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को मेडल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

रक्तवीर युवा क्लब के सदस्य शिवांबुज पटेल ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है। वहीं रक्तवीर ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि एक यूनिट रक्तदान से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

इंडियन बैंक पीपीगंज के शाखा प्रबंधक आमोद मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार के रक्तदान शिविर न केवल ब्लड बैंकों की जरूरतों को पूरा करते हैं, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने रक्तवीर युवा क्लब के इस प्रयास की सराहना की।

रक्तवीर युवा क्लब लंबे समय से कैंसर, किडनी फेलियर, थैलेसीमिया, दुर्घटना और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। क्लब द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता की जाती है।

रक्तदाता चंदन जायसवाल ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को निर्धारित अंतराल पर नियमित रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाई जा सकती है। रक्तदान के पश्चात ब्लड बैंक संचालक अरविंद यादव एवं उनकी टीम द्वारा सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया।

यह रक्तदान शिविर सामाजिक सेवा, मानवता और जनकल्याण की भावना का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा तथा लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करने में सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!